नव दुर्गा पूजन के साथ त्रिवेणी स्कूल में डांडिया महोत्सव आयोजित
बच्चों ने पारम्परिक परिधान में किया गरबा नृत्य
नव दुर्गा रूप में सजी बच्चियां बनी आकर्षण का केंद्र
फुलेरा (योगेन्द्र गहलोत) : स्थानीय बिचून रोड पर संचालित त्रिवेणी पब्लिक स्कूल परिसर में नवरात्रि के पावन अवसर पर सोमवार को नव दुर्गा पूजन और डांडिया महोत्सव का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संरक्षिका उर्मिला देवी सुरोलिया द्वारा देवी मां की पूजा-अर्चना से हुई। इस दौरान विद्यालय की बच्चियों ने नव दुर्गा का रूप धारण कर मंच पर आशीर्वाद का भावपूर्ण प्रदर्शन किया। उनके पारंपरिक श्रृंगार और भावपूर्ण अभिनय ने उपस्थित सभी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। प्रधानाध्यापिका सीमा शर्मा ने नवरात्रि पूजा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व आत्मबल और साधना का प्रतीक है, जो समाज को शक्ति और सद्भाव का संदेश देता है। शाला सचिव मीनाक्षी शर्मा ने गरबा को भारतीय लोक संस्कृति का परिचायक बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी जड़ों और परंपराओं से जोड़ते हैं। कार्यक्रम में बच्चों ने पारंपरिक परिधानों में रंग-बिरंगे गरबे की शानदार प्रस्तुतियाँ दीं। ताल और लय पर थिरकते कदमों ने दर्शकों का मन मोह लिया और प्रांगण उत्साह, भक्ति और उमंग से गूंज उठा। पूरे कार्यक्रम के दौरान अतिथियों और विद्यालय स्टाफ ने मिलकर पूजा-अर्चना की। व्यवस्थापिका दिव्या चौहान ने मंच संचालन किया, जबकि कार्यक्रम प्रभारी अनीता सैनी और अल्का पंवार ने आयोजन को सफल बनाने में विशेष भूमिका निभाई। इस मौके पर संरक्षिका उर्मिला देवी सुरोलिया, निदेशक दिलीप सुरोलिया, प्रधानाध्यापिका सीमा शर्मा, सचिव मीनाक्षी शर्मा सहित चंचल कुमावत, भारती सैनी, प्रिया कुमावत, सुनीता सैनी, अनीता सैनी, चंचल वर्मा, मधु सैनी, माया कुमावत, अल्का पंवार, चंचल काला, रेशमा माचीवाल, ज्योति जोशी, आरती जांगिड़, टीना जांगिड़, रूपाली शर्मा, ममता वैष्णव और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
आयोजन का समापन बच्चों द्वारा किए गए रावण दहन के साथ हुआ। रावण दहन के इस दृश्य ने बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया। उपस्थित दर्शक जोरदार तालियों और जयकारों से गूंज उठे और विद्यालय परिसर में भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा।





0 टिप्पणियाँ