दिनांक 7 फरवरी 2024
सांसद ने पार्लियामेंट में बजट पर चर्चा में भाग लिया और बिहार के मुद्दे को जोर-शोर से उठाया
आज दिनांक 7 फरवरी 2024 को संसद में अंतरिम बजट पर चर्चा के दौरान माननीय सांसद जहानाबाद श्री चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी जी ने कहा कि "बजट में भविष्य की मजबूत नींव रखने की कोशिश की गई है। इसमें आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर में निवेश पर जोर दिया गया है तो निवेश तथा राजकोषीय घाटे के बीच संतुलन बनाया गया है।
आधुनिक टेक्नोलॉजी के बढ़ते प्रभाव को स्वीकार करते हुए इनोवेशन पर फोकस है तो ग्रामीण विकास का भी ध्यान रखा गया है। बजट में पर्यटन जैसे क्षेत्र में राज्यों को साथ लेने की कोशिश की गई है। बजट में रिसर्च एवं डेवलपमेंट के लिए 50 साल का ब्याज मुक्त कर्ज देने के लिए एक लाख करोड़ रुपये का फंड बनाने की घोषणा की गई है। यह बजट सकारात्मक, दूरदर्शी, समावेशी एवं प्रगतिशील है जिसमें वित्त मंत्री जी ने अगले पांच सालों की रूपरेखा तैयार की है। इसमें रोटी, कपड़ा और मकान के साथ सेहत और शिक्षा का भी ध्यान रखा गया है। बजट में बुनियादी ढांचे के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है जिससे लोगों को सहूलियत मिलेगी। मनरेगा, पीएमजीएसवाई जैसी योजनाओं के आबंटन 13.2% बढ़ाया गया है। अगले पांच वर्षों में 2 करोड़ और अधिक घर बनेंगे और मध्यम वर्ग के लोगों को भी अपना घर मिलेगा। 9 से 14 वर्ष की लड़कियों के लिए सर्वाइकल कैंसर का टीकाकरण होगा। यह एक अच्छा निर्णय है । बजट में उच्च शिक्षा के लिए लोन की राशि बढ़ाई गई है, जिससे युवाओं क फायदा होगा।
हमारी केंद्र की सरकार ने बिहार के जननायक स्वर्गीय कर्पूरी ठाकुर जी को भारत रत्न दिया है। इसके लिए समूचे बिहारवासियों की तरफ से मैं मोदी जी एवं केंद्र सरकार के प्रति अपना आभार व्यक्त करता हूँ।
बिहार ने हमेशा समाज और देश के निर्माण में अपना योगदान दिया है। बिहार के लोग काफी परिश्रमी होते हैं और वे जहां भी जाते हैं अपनी कर्मठता और ईमानदारी के बल पर कामयाब होते हैं।
हमारे लोकप्रिय मुख्यमंत्री आदरणीय नितीश कुमार जी अपने सीमित संसाधनों से बिहार के विकास की पुरजोर कोशिश कर रहे हैं परंतु पर्याप्त राशि के अभाव में बिहार में पूरा विकास नहीं हो पा रहा है। उनके नेतृत्व में शराबबंदी , सात निश्चय, जल जीवन हरियाली, हर घर नल का जल, ग्रामीण इलाकों में पक्की सड़क, अति पिछड़ों को मदद, बेहतर कानून व्यवस्था इत्यादि ऐसे-ऐसे काम हुए हैं जिससे बिहार एक मिशाल बन कर उभरा है। बिहार के माननीय मुख्यमंत्री जी हम सबके अभिभावक और प्रेरणास्रोत हैं और उनके मार्गदर्शन में बिहार में गरीब गुरबा और समूचे बिहार के विकास के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। परंतु जिस स्तर पर बिहार को विकास की गति मिलनी चाहिए वह पर्याप्त राशि के अभाव में पूरा नहीं हो पा रहा है और बिना केंद्र सरकार के सहयोग के यह संभव नहीं है। राज्य सरकार को 94 लाख गरीब परिवार को आगे बढ़ाना है जिसके लिए राज्य सरकार को ढाई लाख लाख करोड़ रूपये की जरूरत है जिसे केंद्र पूरा कर सकता है। अगर केंद्र सरकार बिहार को विशेष राज्य या एक विशेष पैकेज दे दे तो बिहार के वंचितों और पिछड़ों का काफी भला होगा। मोदी जी की अगुवाई में पूरे देश में पिछले 10 वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आ गए हैं और ऐसे में बिहार के करीब 4 करोड़ लोग या 94 लाख गरीब परिवार भी गरीबी रेखा से ऊपर आना चाहते हैं। मोदी जी ने देश को जो विकसित करने का संकल्प लिया है वह तभी संभव होगा अगर बिहार के गरीब भी बीपीएल से बाहर आ जायें।
अंत में मैं आपके माध्यम से केंद्र सरकार से कुछ मांग करता हूँ:-
वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव जहानाबाद स्टेशन पर किया जाए।
जहानाबाद और अरवल जिले को आकांक्षी जिला घोषित किया जाए।
मेरे संसदीय क्षेत्र का जिला अरवल को रेल से जोड़ा जाए।
पूर्व घोषित गैस पाइप लाइन योजना जहानाबाद और अरवल में जल्द शुरू हो।
जहानाबाद लोक सभा सहित पूरे बिहार में केंद्र सरकार द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सुदृढ़ बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराया जाए जिससे हमारे होनहार बच्चे पढ़ें और बढ़ें।
व्यापारियों के लिए लाइसेंस प्रणाली की एक व्यवस्था हो जिससे वे वास्तविक रूप से इज ऑफ डूइंग बिजनेस का लाभ लेते हुए अपना व्यापार बढायें।
हमारे देश के लोग कुछ ही महीने बाद केंद्र में अपनी सरकार चुनेंगे और आदरणीय नीतिश बाबू के सहयोग से मोदी जी तीसरी बार देश का नेतृत्व करें। यह मेरी शुभकामना है।
हमारा बिहार बढ़े और पूरा देश तरक्की करे, इसी ख्वाहिश के साथ मैं अपनी बात समाप्त करता हूँ।"


0 टिप्पणियाँ