ब्रेकिंग न्यूज

प्रमुख मंजुला देवी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के मद्देनजर मंगलवार को पंचायत समिति सदस्यों की विशेष बैठक

 





मरौना | प्रखंड मुख्यालय स्थित टीसीपी भवन मरौना में प्रखंड प्रमुख मंजुला देवी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के मद्देनजर मंगलवार को पंचायत समिति सदस्यों की विशेष बैठक से अविश्वास प्रस्ताव पक्ष के सभी 6 पंसस अनुपस्थित रहे। प्रावधान के मुताबिक प्रखंड प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव खारिज हो गया और प्रखंड प्रमुख अपनी कुर्सी बचाने में कामयाब रहीं। जानकारी अनुसार आधा दर्जन पंचायत समिति सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव से संबंधित आवेदन गत 2 जनवरी को प्रखंड प्रमुख व कार्यपालक पदाधिकारी सह मरौना बीडीओ एवं संबंधित अधिकारियों को सौंपा था ।

     सौंपे गए आवेदन के माध्यम से पंचायत समिति सदस्यों ने प्रखंड प्रमुख पर अविश्वास जताते हुए कई आरोप लगाए गए थे। पंचायत समिति सदस्यों का कहना है था कि विगत दो वर्षों से हम सभी पंचायत समिति सदस्य प्रमुख के क्रियाकलाप व व्यवहार से काफी आहत और असंतुष्ट हैं। हम सभी सदस्यगण यह महसूस कर रहे हैं कि अब आप लोगों के साथ प्रखंड के क्षेत्राधीन किसी भी तरह के विकासात्मक कार्य करवाने में अक्षम साबित हो रहे है। इसी कारणवश अविश्वास प्रस्ताव हेतु विशेष बैठक बुलाना आवश्यक हैं। 

    पंससो ने आरोप लगाया था कि प्रखंड के सभी समिति क्षेत्रों का समानुपातिक रूप से विकास कार्य नहीं करवाया जा रहा है, बल्कि अपने तथा अपने कुछेक पसंदीदा पंचायत समिति सदस्यों के क्षेत्र में ही अधिकांश राशि का उपयोग किया जा रहा है। नियमित तौर पर पंचायत समिति सदस्यों की सामान्य बैठक नहीं बुलाई जा रही है और न ही उप समितियों का गठन कर व्यवहार में लाया जा रहा है।

   इस मामले को लेकर प्रखंड प्रमुख मंजुला देवी ने विशेष बैठक की तिथि भी निर्धारित कर दी थी। लिहाजा कार्यपालक पदाधिकारी सह मरौना बीडीओ अभिमन्यु कुमार ने 16 जनवरी को विशेष बैठक में उपस्थित रहने के लिए सभी पंचायत समिति सदस्यों को नोटिस भेज दिया था। 

   इधर, कुर्सी बचाने में कामयाबी हासिल करने के बाद प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि लक्ष्मी नारायण यादव उर्फ लाल बाबू ने बताया कि बेहतर तरीके से प्रखंड क्षेत्र में विकास होगा।

कोई टिप्पणी नहीं