मुंगेर में सांप के डसने से बुजुर्ग की मौत, झाड़-फूंक के चक्कर में गंवाई जान
04 अगस्त 2026
By Chandan Kumar
मुंगेर जिला अंतर्गत धरहरा थाना क्षेत्र के गोपालपुर मोहनपुर गांव में अंधविश्वास की कीमत एक बुजुर्ग को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। जहरीले सांप के डसने के बाद परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक कराते रहे। हालत बिगड़ने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धरहरा पहुंचा जब तक काफी देर हो चुकी थी, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान गोपालपुर मोहनपुर गांव निवासी स्वर्गीय विश्वनाथ मोदी के पुत्र अमरनाथ मोदी (61 वर्ष) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार की देर रात अमरनाथ मोदी गर्मी के कारण अपने कमरे में फर्श पर सो रहे थे। इसी दौरान एक विषैले सांप ने उनके कान में डस लिया। घटना के बाद सांप वहां से निकल गया। परिजनों को जब इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय गांव में झाड़-फूंक कराना शुरू कर दिया।
काफी समय बीत जाने के बाद जब अमरनाथ की तबीयत काफी बिगड़ने लगी, तब उन्हें अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, तब तक बहुत देर हो चुकी थी और चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर धरहरा थानाध्यक्ष सोनू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मुंगेर भेज दिया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
सांप काटने पर क्या करें?
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, सांप के डसने पर झाड़-फूंक या घरेलू उपचार में समय बर्बाद नहीं करना चाहिए। पीड़ित को बिना देरी किए नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचाना चाहिए, जहां एंटी-वेनम (Anti Snake Venom) की सुविधा उपलब्ध रहती है। समय पर उपचार मिलने से अधिकांश मामलों में मरीज की जान बचाई जा सकती है।

0 टिप्पणियाँ