धरहरा में गैस चूल्हे में लगी आग से तीन झुलसे, सीएचसी से सदर अस्पताल रेफर, व्यवस्था पर उठे सवाल
धरहरा (मुंगेर)। धरहरा प्रखंड के महरना गांव में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया। गैस रिसाव की जांच के दौरान अचानक गैस चूल्हे में आग लग गई, जिसकी चपेट में आकर तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों में दो सगे भाई और गैस एजेंसी का एक कर्मी शामिल है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) धरहरा लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल मुंगेर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, महरना गांव निवासी अमन कुमार के घर में बीते रात से एलपीजी सिलेंडर से गैस रिसाव हो रहा था। अमन कुमार ने बताया कि बुधवार को उन्होंने इस संबंध में नयन इंडियन गैस एजेंसी में शिकायत की थी। शिकायत के बाद एजेंसी के कर्मियों ने आकर सिलेंडर का रबर बदल दिया। इसके बावजूद गैस का रिसाव बंद नहीं हुआ।
गुरुवार को रिसाव तेज होने पर अमन ने दोबारा एजेंसी को फोन कर सूचना दी। सूचना मिलते ही एजेंसी ने अपने कर्मी दीपक कुमार को जांच के लिए मौके पर भेजा। बताया जाता है कि दीपक कुमार घर में गैस चूल्हे और सिलेंडर की जांच कर रहे थे, तभी अचानक चूल्हे ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। इस दौरान वहां मौजूद अमन कुमार, उनके भाई अनुराग कुमार और एजेंसी कर्मी दीपक कुमार इसकी चपेट में आ गए और तीनों झुलस गए।
वही इस घटना को लेकर उपभोक्ता अमन कुमार का कहना है कि आग गैस सिलेंडर में लगी थी दूसरी तरफ गैस एजेंसी कर्मी दीपक कुमार ने चूल्हा भड़कने की बात बताई।
ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और तीनों को तुरंत सीएचसी धरहरा पहुंचाया।
घायलों की पहचान
हादसे में झुलसे लोगों की पहचान इस प्रकार हुई है:
1. अमन कुमार, पिता - महरना गांव निवासी 2. अनुराग कुमार, पिता - महरना गांव निवासी (अमन के भाई) 3. दीपक कुमार, कर्मी - नयन इंडियन गैस एजेंसी
तीनों की हालत स्थिर बताई जा रही है, हालांकि शरीर के कई हिस्से झुलस गए हैं। सदर अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
सीएचसी की व्यवस्था पर परिजनों ने उठाए सवाल
बीच वाली बेड पर गैस एजेंसी कर्मी दीपक कुमार
ईस घटना के बाद एक बार फिर धरहरा सीएचसी की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। घायलों के परिजनों का आरोप है कि सीएचसी में बर्न इंजरी या इमरजेंसी के लिए समुचित व्यवस्था नहीं है। डॉक्टरों ने प्राथमिक मरहम-पट्टी कर तीनों मरीजों को तुरंत सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
परिजनों का कहना है कि गंभीर स्थिति में मरीजों को 30 किलोमीटर दूर सदर अस्पताल ले जाना पड़ता है, जिससे मरीजों की जान को और खतरा बढ़ जाता है। अगर सीएचसी में ही बेहतर इलाज की सुविधा होती तो मरीजों को परेशान नहीं होना पड़ता। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से सीएचसी में संसाधन और विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती की मांग की है।
गैस एजेंसी संचालक ने क्या कहा?
इस मामले पर नयन इंडियन गैस एजेंसी के संचालक नवीन कुमार ने बताया कि आग सिलेंडर में नहीं, बल्कि गैस चूल्हे में लगी थी। संबंधित सिलेंडर उपभोक्ता अमन कुमार को लगभग एक माह पहले दिया गया था। सिलेंडर पूरी तरह से सुरक्षित था। गुरुवार को रिसाव की शिकायत मिलने पर कर्मी को जांच के लिए भेजा गया था, इसी दौरान यह दुर्घटना हुई। उन्होंने कहा कि यह एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसा है।
गैस रिसाव होने पर क्या करें और क्या न करें?
विशेषज्ञों के अनुसार, घर में गैस रिसाव होने पर सावधानी बरतना बेहद जरूरी है:
• गैस रिसाव होने पर तुरंत सिलेंडर का रेगुलेटर बंद कर दें। • बिजली के स्विच, माचिस या लाइटर बिल्कुल न जलाएं। • घर के सभी दरवाजे और खिड़कियां खोल दें ताकि गैस बाहर निकल जाए। • तुरंत गैस एजेंसी और फायर ब्रिगेड को सूचना दें। • खुद से सिलेंडर के रबर या पाइप को बदलने की कोशिश न करें।

रबर बदलने के बाद भी नहीं रुक गैस का रिसाव


0 टिप्पणियाँ