Edited by Chandan Kumar
ट्रेन की चपेट में आने से 55 वर्षीय मनोज यादव की मौत, परिवार में मचा कोहराम
धरहरा-मसूदन स्टेशन के बीच लोहिया गुमटी के पास मिला शव, मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहने की बात आई सामने
धरहरा (मुंगेर)। धरहरा और मसूदन रेलवे स्टेशन के बीच लोहिया गुमटी के समीप रविवार की देर रात एक दर्दनाक हादसे में 55 वर्षीय मनोज कुमार यादव की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान धरहरा प्रखंड के महरना गांव निवासी योगेंद्र प्रसाद यादव के पुत्र के रूप में की गई है। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार की रात करीब 10 बजे अप लाइन से एक डीएमयू ट्रेन गुजर रही थी। इसी दौरान रेलवे ट्रैक पर गश्त कर रही जीआरपी की नजर ट्रैक पर पड़े एक शव पर पड़ी। जीआरपी ने तत्काल इसकी सूचना धरहरा रेलवे स्टेशन को दी। सूचना मिलते ही स्टेशन मास्टर ने धरहरा थाना को घटना से अवगत कराया। सूचना पर पहुंची धरहरा थाना पुलिस ने मौके से शव को कब्जे में लेकर थाने ले आई। रात होने के कारण अंधेरे में शव की पहचान नहीं हो सकी।
सोमवार सुबह जब इस घटना की जानकारी आसपास के इलाके में फैली तो मृतक के परिजन धरहरा थाना पहुंचे। थाना में रखे शव को देखकर परिजनों ने उसकी पहचान मनोज कुमार यादव के रूप में की। पहचान होने के बाद पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
परिजनों के अनुसार, मनोज कुमार यादव की मानसिक स्थिति पिछले लगभग चार महीने से ठीक नहीं चल रही थी। वे अक्सर बिना बताए घर से निकल जाते थे। रविवार की रात भी वे किस परिस्थिति में घर से निकलकर रेलवे ट्रैक तक पहुंच गए, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। आशंका जताई जा रही है कि मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण ही यह हादसा हुआ।
इस संबंध में धरहरा थानाध्यक्ष सोनू ने बताया कि सोमवार सुबह परिजनों द्वारा शव की पहचान कर ली गई। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। परिजनों की लिखित सहमति और पंचनामा के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।
बताया जाता है कि मृतक मनोज कुमार यादव अपने पीछे तीन पुत्रों को छोड़ गए हैं। घटना की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। पत्नी, पुत्रों सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। महरना गांव में भी घटना को लेकर शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से रेलवे ट्रैक के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और गुमटी के पास रोशनी की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।






0 टिप्पणियाँ