खिड़की तोड़कर घर में घुसे चोर, दो लाख के जेवरात और नकदी लेकर फरार



खिड़की तोड़कर घर में घुसे चोर, दो लाख के जेवरात और नकदी लेकर फरार

By Chandan Kumar 



मुंगेर जिला अंतर्गत धरहरा थाना क्षेत्र के दशरथी गांव में सोमवार की देर रात चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक घर में घुसकर करीब दो लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात और नकदी की चोरी कर ली। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवार ने 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दशरथी गांव निवासी प्रदीप कुमार विंद के घर में यह चोरी हुई है। प्रदीप कुमार गांव में ही मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान चलाते हैं। सोमवार की रात वह अपनी पत्नी के साथ अपने पुराने वाले घर में सोने चले गए थे।


जिस कमरे में चोरी हुई, उस कमरे में उनकी मां मीरा देवी रहती हैं। बताया जा रहा है कि मीरा देवी उसी दिन पूजा-अर्चना के लिए देवघर गई हुई थीं, जिसके कारण कमरा खाली था। चोरों ने इसी बात का फायदा उठाया।


फॉल्स खिड़की तोड़कर अंदर घुसे चोर



चोरों ने घर के पीछे की तरफ लगी फॉल्स ईंट की खिड़की को तोड़ दिया और उसी रास्ते से घर के अंदर प्रवेश कर गए। अंदर घुसने के बाद उन्होंने कमरे में रखे ट्रंक और बक्से का ताला तोड़ दिया।


पीड़ित प्रदीप कुमार ने बताया कि ट्रंक में उनकी मां के सोने के जेवरात रखे हुए थे। चोर करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य का सोने का कंगन, एक मंगलसूत्र, कान की बाली सहित अन्य जेवरात और 40 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। इस प्रकार चोरों ने कुल लगभग एक लाख नब्बे हजार से दो लाख रुपये तक की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया।


हैरानी की बात यह है कि घटना के समय घर के दूसरे कमरे में प्रदीप के चार भांजे-भांजी - किशन कुमार (10 वर्ष), शुभम कुमार (8 वर्ष), सुप्रिया (8 वर्ष) और लक्ष्मी कुमारी (6 वर्ष) सो रहे थे। लेकिन चोरों ने इतनी सफाई से घटना को अंजाम दिया कि किसी भी बच्चे को भनक तक नहीं लगी।


सुबह छह बजे चला चोरी का पता


परिवार को चोरी की जानकारी मंगलवार सुबह करीब छह बजे हुई, जब वे उस कमरे में गए। कमरे में ट्रंक टूटा हुआ और सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। इसके बाद तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई।


सूचना मिलने के बाद धरहरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। इस संबंध में धरहरा थानाध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि पीड़ित द्वारा अभी लिखित आवेदन दिया जा रहा है। आवेदन प्राप्त होने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और चोरों की तलाश में जुट गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ