नगर में पहली बार निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, तैयारियां शुरू*




*नगर में पहली बार निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, तैयारियां शुरू*


*जिला ब्यूरो चीफ केशव बाथम*

*विजयपुर (श्योपुर)*


विजयपुर शहर में पहली बार भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी। अंतरराष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन) के तत्वावधान में 22 जुलाई को आयोजित होने वाली इस रथयात्रा में श्रद्धालुओं को ओडिशा के जगन्नाथ पुरी की विश्वविख्यात रथयात्रा की झलक देखने को मिलेगी। आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। रविवार को आयोजन समिति की बैठक आयोजित कर रथयात्रा की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई तथा विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इस्कॉन के पदाधिकारियों ने बताया कि भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की प्रतिमाएं विशेष रूप से जगन्नाथ पुरी से मंगाई गई हैं, जबकि रथयात्रा के लिए आकर्षक एवं भव्य रथ उज्जैन से लाया जा रहा है। इसी रथ में तीनों विग्रह विराजमान होकर नगर भ्रमण करेंगे। रथयात्रा 22 जुलाई को फाटक वाले हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई बालाजी गार्डन पहुंचेगी। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालु भगवान की आरती करेंगे तथा पुष्पवर्षा कर स्वागत करेंगे। बालाजी गार्डन में महाआरती, प्रसाद वितरण एवं विशाल भंडारे के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ