धरहरा में सनसनी: हनुमान मंदिर के पास मिली वृद्ध महिला की लाश, जांच में जुटी पुलिस
मुंगेर जिला के धरहरा थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर स्थित हनुमान मंदिर के समीप रविवार देर रात एक 70 वर्षीय वृद्ध महिला का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस की सहायता से शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धरहरा पहुंचाया। जहां से सोमवार को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मुंगेर भेज दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
मृतका की पहचान:
मृतका की पहचान पहाड़पुर माताडीह गांव निवासी स्व. भरकू मंडल की पत्नी ननकी देवी (70 वर्ष) के रूप में हुई है।
दो बयान, एक सवाल:
1. पुलिस का कहना - थानाध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला मानसिक रूप से विक्षिप्त थी और आसपास के क्षेत्रों में भीख मांगकर अपना जीवन यापन करती थी।
2. परिजनों का कहना - परिजनों ने बताया कि रविवार शाम वह बहियार में घास लाने गई थी, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटी। खोजबीन के दौरान ही घटना की जानकारी मिली।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल पुलिस मामले के हर बिंदु पर जांच कर रही है।

0 टिप्पणियाँ