प्लस टू उच्च विद्यालय साढ़ा बना आदर्श विद्यालय - सरस्वती विद्या निकेतन के रूप में हुआ कायाकल्प, ग्रामीण शिक्षा में आएगी नई क्रांति



प्लस टू उच्च विद्यालय साढ़ा बना आदर्श विद्यालय - सरस्वती विद्या निकेतन के रूप में हुआ कायाकल्प, ग्रामीण शिक्षा में आएगी नई क्रांति


धरहरा (मुंगेर): बिहार में सरकारी शिक्षा व्यवस्था को नई ऊंचाई देने की मुहिम अब जमीन पर दिखने लगी है। इसी कड़ी में धरहरा प्रखंड के प्लस टू उच्च विद्यालय, साढ़ा को सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) के रूप में विकसित किया गया है। विद्यालय का भव्य उद्घाटन समारोहपूर्वक किया गया, जिसके साथ ही यह स्कूल जिले के मॉडल सरकारी स्कूलों में शुमार हो गया है।


बिहार सरकार द्वारा राज्य के 551 सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) का एकीकृत वर्चुअल उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा किया गया। उसी ऐतिहासिक क्षण में साढ़ा विद्यालय में भी इस नई शैक्षणिक क्रांति का आगाज हुआ।

मॉडल स्कूल के रूप में मिलेगी आधुनिक सुविधाएं

विद्यालय परिसर में आयोजित उद्घाटन समारोह में प्रभारी प्रधानाध्यापक मोहम्मद कमरुल हक के नेतृत्व में प्रखंड विकास पदाधिकारी रश्मि भारती और प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष सह जदयू प्रखंड अध्यक्ष नवीन कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर आदर्श विद्यालय का शुभारंभ किया।



उद्घाटन के साथ ही विद्यालय को मॉडल स्कूल की नई पहचान मिल गई है। अब यहाँ चरणबद्ध तरीके से विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिनमें शामिल हैं -

• अत्याधुनिक स्मार्ट क्लास और डिजिटल शिक्षण व्यवस्था • हाईटेक कंप्यूटर लैब और डिजिटल लैब • सुसज्जित विज्ञान प्रयोगशालाएं • समृद्ध आधुनिक पुस्तकालय • निजी स्कूलों की तर्ज पर गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक माहौल 

शिक्षा विभाग का स्पष्ट लक्ष्य है कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को अब गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए शहरों या प्राइवेट स्कूलों का रुख न करना पड़े। साढ़ा का यह विद्यालय अब जिले के उत्कृष्ट सरकारी विद्यालयों में अपनी अलग पहचान बनाएगा।

अधिकारियों ने कहा - उज्ज्वल भविष्य की नींव

इस अवसर पर बीडीओ रश्मि भारती ने कहा, "सरस्वती विद्या निकेतन योजना से ग्रामीण बच्चों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से बेहतर शिक्षा मिलेगी। इससे उनकी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ेगी और वे भविष्य की हर चुनौती के लिए तैयार होंगे।"


वहीं जदयू प्रखंड अध्यक्ष नवीन कुमार सिंह ने कहा, "यह विद्यालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि इस पूरे क्षेत्र के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की नई नींव है। सरकार की यह पहल शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी।"


कार्यक्रम में बबीता राय, लक्ष्मीकांत सिंह, हम पार्टी के जिलाध्यक्ष परमानंद मांझी, शिक्षक संजय कुमार सिंह, जयनंदन कुमार, आलोक मिज, रूबी कुमारी सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, सैकड़ों छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण व अभिभावक मौजूद रहे। पूरे परिसर में हर्ष और उत्साह का माहौल देखा गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ