सुपौल से मोहम्मद नजीर आलम कि रिपोर्ट/ edited by Chandan Kumar
सुपौल में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 84.250 किलो गांजा और 129 प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार
सुपौल। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 3 अक्टूबर 2026 को सुपौल अनुमंडल के किशनपुर और पिपरा थाना क्षेत्रों में वाहन चेकिंग एवं गश्ती के दौरान भारी मात्रा में गांजा और प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद किए गए। कार्रवाई के दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, किशनपुर थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक चार पहिया वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 84 किलो 250 ग्राम गांजा बरामद किया गया। मामले में किशनपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू कर दिया है। पुलिस बरामद गांजे के बैकवर्ड और फारवर्ड लिंकेज की भी गहन जांच कर रही है, ताकि तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।
इसी अभियान के दौरान किशनपुर थाना पुलिस ने कमलजरी जाने वाली सड़क के ढाला के समीप वाहन चेकिंग की। यहां एक मोटरसाइकिल पर टंगे थैले की तलाशी लेने पर 100 पीस प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद किए गए। इस मामले में भी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
वहीं, पिपरा थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार विज्ञांशु कुमार, पिता बलराम यादव, निवासी वेलहा वार्ड नंबर-01, थाना त्रिवेणीगंज, जिला सुपौल के पास से 29 पीस प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद किए गए। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, तीनों कार्रवाइयों में कुल 84 किलो 250 ग्राम गांजा, 129 प्रतिबंधित इंजेक्शन, एक चार पहिया वाहन और दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।




0 टिप्पणियाँ