रिपोर्टर चन्दन कुमार।
मुंगेर, 26 जुलाई 2026। इंडियन डेंटल एसोसिएशन (आईडीए) बिहार स्टेट की तीसरी एग्जीक्यूटिव मीटिंग सह कंटीन्यूइंग डेंटल एजुकेशन (सीडीई) कार्यक्रम का आयोजन रविवार, 26 जुलाई 2026 को मुंगेर के शगुन गार्डन में किया जाएगा। इस कार्यक्रम की मेजबानी आईडीए मुंगेर शाखा द्वारा की जा रही है।
आईडीए मुंगेर के सचिव डॉ. उदय शंकर एवं अध्यक्ष डॉ. पंकज कुमार ने बताया कि कार्यक्रम में बिहार के विभिन्न जिलों से लगभग 150 दंत चिकित्सक भाग लेंगे।
उन्होंने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य दंत चिकित्सा के क्षेत्र में हो रहे नवीनतम शोध, आधुनिक तकनीकों एवं अत्याधुनिक उपकरणों की जानकारी दंत चिकित्सकों तक पहुँचाना है, ताकि राज्य के प्रत्येक जिले में मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक दंत चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान (लेक्चर), कार्यशाला (वर्कशॉप) तथा अत्याधुनिक दंत चिकित्सा प्रक्रिया डेंटल इम्प्लांट से संबंधित विशेष स्टॉल भी लगाया जाएगा, जहाँ प्रतिभागियों को नई तकनीकों की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी।
आईडीए बिहार स्टेट के अध्यक्ष डॉ. मेजर पुलिन बी. वर्मा, सचिव डॉ. कुमार मानवेंद्र, सीडीई कन्वेनर डॉ. राम प्रकाश शाह एवं सीडीई स्पीकर डॉ. संतोष आनंद ने आईडीए मुंगेर को इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम की मेजबानी के लिए शुभकामनाएँ दी हैं।
कार्यक्रम का आयोजन प्रातः 9:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक होगा।

0 टिप्पणियाँ