धरहरा में बड़ा रेल हादसा! DMU ट्रेन की चपेट में आने से एक 24 वर्षीय ITI छात्र की मौत
By Chandan Kumar
30 जुलाई 2026
जमालपुर-किऊल रेलखंड पर दर्दनाक हादसा: DMU ट्रेन की चपेट में आने से 24 वर्षीय ITI छात्र की मौत
धरहरा से चन्दन कुमार की रिपोर्ट
जमालपुर-किऊल रेलखंड स्थित धरहरा रेलवे संपर्क फाटक के समीप गुरुवार को एक दर्दनाक रेल हादसे में 24 वर्षीय युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में शोक का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान मानगढ़ गांव निवासी बॉबी कुमार के रूप में हुई है। वह धर्मेंद्र पासवान (चौकीदार) का दूसरे नंबर का पुत्र था। परिजनों के अनुसार, बॉबी इंटर पास था और आईटीआई की पढ़ाई कर रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धरहरा-मानगढ़ समपार फाटक से करीब 20 मीटर पश्चिम डाउन लाइन पर आ रही 53480 डाउन किऊल–जमालपुर डीएमयू ट्रेन की चपेट में आने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और रेलवे तथा स्थानीय पुलिस को जानकारी दी।
परिजनों ने बताया कि बॉबी कुमार पिछले करीब तीन माह से मानसिक बीमारी से जूझ रहा था और उसका इलाज चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया, जिससे यह हादसा हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हालांकि, परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पूर्व जिला परिषद सदस्य मनोज पासवान ने मृतक के घर पहुंचकर शोक-संतप्त परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
मृतक बॉबी कुमार का फाइल फोटो

0 टिप्पणियाँ