27% ओबीसी आरक्षण के मुद्दे पर विजयपुर में महासभा की हुंकार, राष्ट्रपति-राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन!
विजयपुर से केशव बाथम की रिपोर्ट/edited by Chandan Kumar
*आरक्षण के मुद्दे से लेकर जातिगत जनगणना तक उठाई आवाज, लंबित भर्तियों पर भी मांगा जवाब; मांगें पूरी नहीं हुईं तो प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी*
*विजयपुर*
मध्य प्रदेश में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के आरक्षण और जातिगत जनगणना के मुद्दे पर ओबीसी महासभा ने सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की है। गुरुवार को विजयपुर तहसील मुख्यालय पर महासभा के तत्वावधान में पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम एसडीएम अभिषेक मिश्रा को ज्ञापन सौंपा। महासभा ने 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण के मुद्दे, जनगणना में ओबीसी के लिए अलग कॉलम शामिल करने तथा लंबित भर्तियों से जुड़े मामलों पर सरकार से ठोस निर्णय लेने की मांग की। महासभा ने आरोप लगाया कि न्यायालयीन प्रक्रिया के चलते ओबीसी आरक्षण का लाभ प्रभावित हो रहा है और सरकार को इस मामले में प्रभावी कानूनी पैरवी कर आरक्षण सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। संगठन ने स्पष्ट किया कि ओबीसी वर्ग के अधिकारों और युवाओं के भविष्य से जुड़े इन मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रहेगा।
*27 प्रतिशत आरक्षण के लिए सुप्रीम कोर्ट में प्रभावी पैरवी की मांग*
महासभा द्वारा सौंपे गए पांच पन्नों के ज्ञापन में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के 9 अक्टूबर 2026 के आरक्षण संबंधी फैसले का उल्लेख करते हुए राज्य सरकार से सुप्रीम कोर्ट में प्रभावी पैरवी करने और नियमानुसार विशेष अनुमति याचिका (SLP) दायर करने की मांग की गई। संगठन का कहना है कि ओबीसी वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण का लाभ दिलाने के लिए सरकार को कानूनी स्तर पर ठोस प्रयास करने चाहिए।
महासभा ने कहा कि आरक्षण का सवाल केवल प्रतिशत तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे सामाजिक न्याय, समान अवसर और प्रदेश के लाखों युवाओं का भविष्य जुड़ा हुआ है।
**जातिगत जनगणना में ओबीसी का अलग कॉलम जोड़ने की मांग*
ज्ञापन में आगामी जनगणना में अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए अलग जाति कॉलम शामिल करने, जातिवार आंकड़े एकत्र करने और व्यवस्थित कोडिंग की व्यवस्था करने की मांग भी उठाई गई। महासभा का कहना है कि जातिगत आंकड़ों की उपलब्धता से विभिन्न वर्गों की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति का आकलन करने और नीतियां बनाने में मदद मिल सकती है। इसके साथ ही संगठन ने आरक्षण से जुड़ी कानूनी अड़चनों को दूर करने के लिए आवश्यक विधायी प्रावधान करने और आरक्षण को संविधान की नौवीं अनुसूची में शामिल कराने की प्रक्रिया शुरू करने की मांग भी रखी।
*मांगें पूरी नहीं हुईं तो प्रदेशव्यापी आंदोलन*
ज्ञापन सौंपने पहुंचे महासभा के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन प्रदेशव्यापी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। उन्होंने कहा कि ओबीसी वर्ग के अधिकारों, आरक्षण और सामाजिक न्याय के मुद्दे पर आवाज उठाना जारी रहेगा।
इस दौरान एसडीएम अभिषेक मिश्रा ने ज्ञापन प्राप्त किया और उसे नियमानुसार वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। ज्ञापन सौंपने के दौरान ओबीसी महासभा के पदाधिकारी, युवा एवं अन्य नागरिक उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ