लकड़ी तस्करों को छुड़ाने के लिए वन टीम पर हमला, ट्रैक्टर छुड़ाकर फरार हुए ग्रामीण, 4 नामजद समेत 25 पर FIR








लकड़ी तस्करों को छुड़ाने के लिए वन टीम पर हमला, ट्रैक्टर छुड़ाकर फरार हुए ग्रामीण, 4 नामजद समेत 25 पर FIR

By Chandan Kumar।

धरहरा, मुंगेर: मुंगेर जिले के धरहरा थाना क्षेत्र में अवैध जंगली लकड़ी तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करने गई वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। हमले के दौरान भीड़ ने वनकर्मियों के साथ हाथापाई की और जब्त किए गए ट्रैक्टर को छुड़ाकर फरार हो गई। इस घटना में वन विभाग ने एक बाइक जब्त की है। मामले में 4 नामजद समेत 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।


गुप्त सूचना पर हुई थी कार्रवाई


वन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि बरमसिया की ओर से एक ट्रैक्टर पर अवैध रूप से जंगली लकड़ी लाकर ले जाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वनों के क्षेत्र पदाधिकारी के निर्देश पर फॉरेस्टर अनुभव कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तस्करों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।


बताया जाता है कि दोपहर करीब 3:30 बजे बसंती मोड़ और बरमसिया के बीच डकरा नल के पास जैसे ही ट्रैक्टर आता दिखा, वन टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया। फॉरेस्टर द्वारा पीछा कर ट्रैक्टर को रोका भी गया।


महिलाओं ने किया हंगामा, टीम से हाथापाई


ट्रैक्टर रुकते ही वहां पहले से मौजूद कुछ ग्रामीण और महिलाएं जमा हो गईं और हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और वनकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई करने लगी। इसी अफरा-तफरी का फायदा उठाकर कुछ लोग ट्रैक्टर को लेकर जंगल की ओर भाग निकले।


इसी दौरान भागने के क्रम में एक ग्रामीण ने वनकर्मी आदेश कुमार को अपनी मोटरसाइकिल से धक्का मारने का प्रयास किया। फॉरेस्टर अनुभव कुमार ने साहस का परिचय देते हुए उक्त व्यक्ति को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गया। वन विभाग की टीम जब्त बाइक को अपने साथ कार्यालय ले आई।


वन विभाग ने दर्ज कराई FIR


इस पूरे मामले पर वनों के क्षेत्र पदाधिकारी नीरज कुमार सिंह ने बताया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने, वनकर्मियों पर हमला करने और अवैध रूप से जंगली लकड़ी की तस्करी करने के आरोप में कार्रवाई की गई है।


उन्होंने कहा कि इस मामले में 4 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है, जबकि 20 से 25 अज्ञात ग्रामीणों के विरुद्ध धरहरा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। जब्त मोटरसाइकिल के आधार पर फरार आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम मामले की जांच में जुटी है और फरार ट्रैक्टर और लकड़ी की बरामदगी के लिए छापेमारी की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ