धरहरा प्रखण्ड क्षेत्र में बीडीओ रश्मि भारती का सघन दौरा, निर्माण स्थलों का किया निरीक्षण, जेई को दिए गुणवत्ता सुधार के निर्देश

धरहरा प्रखण्ड क्षेत्र में बीडीओ रश्मि भारती का सघन दौरा, निर्माण स्थलों का किया निरीक्षण, जेई को दिए गुणवत्ता सुधार के निर्देश

By Chandan Kumar 

धरहरा (मुंगेर) :प्रखंड में चल रहे विकास कार्यों की जमीनी हकीकत जानने के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी रश्मि भारती ने शनिवार को सघन क्षेत्र भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने हेमजापुर पंचायत के अंतर्गत कई गांवों और निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और मानकों का बारीकी से अवलोकन किया और मौके पर मौजूद कनीय अभियंता को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


प्राप्त जानकारी के अनुसार बीडीओ रश्मि भारती सबसे पहले हेमजापुर पंचायत के तेरासी टोला पहुंची। यहां सामुदायिक भवन निर्माण कार्य चल रहा है। उन्होंने भवन की नींव, दीवारों की मजबूती, उपयोग में लाई जा रही सामग्री सीमेंट, बालू, गिट्टी और सरिया की गुणवत्ता की जांच की। इसके बाद वह शिवकुंड स्थित प्रसिद्ध भगवती स्थान पहुंची, जहां नाला निर्माण का कार्य प्रगति पर है। नाला निर्माण स्थल पर उन्होंने नाले की गहराई, चौड़ाई और ढलान की माप की जानकारी ली ताकि जल निकासी में भविष्य में कोई बाधा उत्पन्न न हो।


निरीक्षण के दौरान विभागीय कनीय अभियंता (जेई) गणपति कुमार भी मौजूद थे। बीडीओ ने उनसे योजना की प्राक्कलित राशि, कार्य प्रारंभ होने की तिथि और कार्य पूर्ण होने की निर्धारित समय सीमा के बारे में विस्तार से पूछताछ की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य सरकार द्वारा निर्धारित मानकों और एस्टीमेट के अनुसार ही होने चाहिए। गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


बीडीओ रश्मि भारती ने कहा कि विकास योजनाएं ग्रामीणों की सुविधा के लिए हैं, इसलिए इनमें लापरवाही बरतने वाले संवेदकों और कर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जेई को निर्देश दिया कि वह प्रतिदिन निर्माण स्थलों का निरीक्षण करें और प्रगति रिपोर्ट प्रखंड कार्यालय को सौंपे। साथ ही उन्होंने कहा कि निर्माण स्थल पर मजदूरों की सुरक्षा और कार्यस्थल पर सूचना पट्ट लगाने के नियम का भी पालन सुनिश्चित किया जाए।



निर्माण स्थलों के निरीक्षण के बाद बीडीओ ने हेमजापुर पंचायत के बाढ़ प्रभावित गांवों का भी दौरा किया। इस वर्ष लगातार हो रही बारिश और गंगा नदी के जलस्तर में वृद्धि के कारण कई निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। बीडीओ ने प्रभावित गांवों में जाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। ग्रामीणों ने बताया कि बाढ़ के पानी के कारण मुख्य सड़क से गांव का संपर्क टूट गया है, बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी हो रही है और पशुओं के लिए चारे की कमी हो गई है। कुछ ग्रामीणों ने अपने घरों में पानी घुसने की भी शिकायत की।


बीडीओ ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके पर ही पंचायत सचिव और रोजगार सेवक से पूरी स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित परिवारों की सूची तैयार की जाए और उन्हें तत्काल सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही जलजमाव वाले क्षेत्रों में आवागमन बहाल करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने को कहा।


इस संबंध में पूछे जाने पर प्रखंड विकास पदाधिकारी रश्मि भारती ने बताया कि यह एक नियमित निरीक्षण दौरा था। उन्होंने कहा, "प्रखंड में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं के लिए चयनित स्थलों की जांच की गई है। निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। इसके साथ ही बाढ़ से प्रभावित गांवों का भी भ्रमण किया गया है और प्रभावित ग्रामीणों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली गई है। समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है।"


बीडीओ के इस दौरे को ग्रामीणों ने सकारात्मक पहल बताया। ग्रामीणों का कहना है कि पदाधिकारी के खुद गांव में आने से उन्हें अपनी बात रखने का मौका मिला। निरीक्षण के दौरान प्रमुख प्रतिनिधि ललन यादव, हेमजापुर पंचायत समिति सदस्य, पंचायत के अन्य कर्मी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।


गौरतलब है कि धरहरा प्रखंड में इस वित्तीय वर्ष में कई महत्वपूर्ण योजनाएं चल रही हैं, जिनमें सामुदायिक भवन, नाला निर्माण, सड़क निर्माण और मनरेगा के तहत कई कार्य शामिल हैं। प्रशासन की कोशिश है कि सभी कार्यों को समय सीमा के अंदर और पूरी गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए ताकि आम लोगों को इसका सीधा लाभ मिल सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ