महगामा सहयोग शिविर में 180 आवेदन, 138 का मौके पर हुआ निष्पादन, रोजगार का मुद्दा छाया
धरहरा (मुंगेर): प्रखंड के महगामा पंचायत भवन में मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। शिविर में विभिन्न सरकारी योजनाओं और जनसमस्याओं से जुड़े कुल 180 आवेदन प्राप्त हुए, जिसमें से 138 आवेदनों का अधिकारियों ने मौके पर ही निष्पादन कर दिया। शेष 42 आवेदनों का 10 दिनों के भीतर निस्तारण का आश्वासन दिया गया है।
शिविर का उद्घाटन उप विकास आयुक्त अजीत कुमार सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया।
DDC ने दिए सख्त निर्देश
उद्घाटन के बाद डीडीसी अजीत कुमार सिंह ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की समस्याओं का समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी आवेदन को बिना कारण लंबित नहीं रखा जाए। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि लोगों को दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।
पलायन और रोजगार पर हुई चर्चा
शिविर में पूर्व मुखिया अनिल यादव ने पंचायत की सबसे बड़ी समस्या उठाई। उन्होंने कहा कि महगामा पंचायत में रोजगार के साधन नहीं होने से बड़ी संख्या में युवा रोजी-रोटी के लिए दूसरे राज्यों में पलायन कर रहे हैं। अगर पंचायत स्तर पर ही रोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएं तो पलायन पर पूरी तरह रोक लग सकती है।
इस मांग पर डीडीसी ने सकारात्मक पहल का भरोसा दिया और संबंधित अधिकारियों को रोजगारपरक योजनाओं को प्राथमिकता देने को कहा।
ये रहे मौजूद
मौके पर बीडीओ रश्मि भारती, सीओ विरेन्द्र कुमार, सीडीपीओ अमृता रंजन, बीपीआरओ अनिषा कुमारी, मनरेगा पीओ कुमार सुंदरम, बीईओ अशोक प्रियदर्शी, मुखिया शंकर साव, पंसस नेहा कुमारी, अशोक मंडल, पूर्व मुखिया अनिल यादव, राहुल कुमार, विकास कुमार सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे।

0 टिप्पणियाँ